अतर्रा कस्बे के खटिकाना मोहाल गांधी नगर में बुधवार देर शाम कच्चे मकान की दीवार ढहने से उसके मलबे में दबे सात लोगों की मौत हो गई। जबकि दर्जनभर लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। ये सभी लोग बिजली जाने की वजह से बाहर बैठे थे।
अतर्रा कस्बे के खटिकाना मोहाल गांधी नगर बदौसा रोड पेट्रोल पंप के पार स्थित सोनू गुप्ता के मकान के पास बुधवार शाम कुछ लोग बैठे थे।
अचानक पुराने कच्चे मकान की दीवार भरभराकर ढह गई। इसके नीचे दबने से आशा (65) पत्नी मोती, काजल (8) पुत्री भोला, तोता (80) पत्नी मेवालाल, नीलू (8) पुत्री सुमन, अरविंद (9) पुत्र चंद्रपाल, शांति (40) पत्नी इंदल, गोरी (7) की मौत हो गई।
इसके अलावा सुमन (35) पुत्र मेवालाल, चंद्रपाल (50) पुत्र राजा, सुकरी (45) पत्नी चंद्रपाल, संता (30) सहित दर्जनभर लोग घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग जुट गए। देर रात तक ग्रामीण मलबा हटाने में लगे रहे।
प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गई है। एसडीएम अतर्रा आरके श्रीवास्तव का कहना है कि मलवा हटाया जा रहा है। सात की मौत हो चुकी है। अभी कुछ अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है।