फोटो- 07 - 300 शैया मंडलीय चिकित्सालय में स्थापित आईपीएचएल। संवाद
बांदा। मरीजों को अब यूरिन कल्चर, थायराइड, विटामिन बी-12 व डी-3 जैसी महंगी जांचों के लिए मरीजों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। जिला अस्पताल परिसर में संचालित 300 शैया के मंडलीय चिकित्सालय में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब (आईपीएचएल) के क्रियाशील होने पर अब इंटरनेट फाइबर केबल पड़नी शेष रह गई है। जबकि निर्बाध बिजली आपूर्ति का काम पूरा हो चुका है।
प्रधानमंत्री अभीम योजना के तहत वर्ष 2023 में जिला अस्पताल के लिए इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब का निर्माण 300 शैया वाले मंडलीय चिकित्सालय के ऊपरी तल में किया गया था। तब से यह लैब क्रियाशील नहीं हो सकी थी। वर्तमान में शासन की ओर से इसे क्रियाशील किए जाने के लिए पत्राचार किया गया है। इस पर स्वास्थ्य विभाग इस लैब को क्रियाशील कराने के लिए लैब की साफ-सफाई आदि कराने में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि मंडलीय अस्पताल में स्थापित लैब को निर्बाध बिजली सप्लाई देने का काम पूरा हो गया है। अब इसमें सिर्फ इंटरनेट फाइबर केबल डलना शेष रह गई है। अधिकारियों की माने तो तीन-चार दिन में यह काम भी पूरा हो जाएगा।
-
आईपीएचएल का निर्माण वर्ष 2023 में हो चुका है। लैब को क्रियाशील करने के लिए इंटरनेट केबल पड़ना शेष है। वह भी दो-तीन दिन में पूरा कर लिया जाएगा। इससे जिला अस्पताल की पैथोलॉजी को लैब में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
डॉ. के. कुमार
सीएमएस, जिला अस्पताल पुरुष, बांदा
-