बांदा/नरैनी/बबेरू। पंचायत चुनाव में वोटों की गिनती पहली नवंबर को होगी। प्रशासनिक और पुलिस अफसरों ने मतगणना की तैयारियां पूरी कर लीं। 158 टेबिलों पर डीडीसी और बीडीसी मतपत्रों की गिनती होगी। हरेक टेबिल पर एक पर्यवेक्षक और चार मतगणना कर्मी नियुक्त किए गए हैं।
बड़ोखर ब्लाक की मतगणना शहर के राजा देवी डिग्री कालेज में होगी। महुआ ब्लाक की जवाहरलाल इंटर कालेज, गिरवां में और तिंदवारी ब्लाक के वोट सत्यनारायण इंटर कालेज, तिंदवारी में गिने जाएंगे। नरैनी ब्लाक की मतगणना राज कुमार इंटर कालेज, नरैनी। जसपुरा ब्लाक की गिनती मधुसूदनदास इंटर कालेज, जसपुरा और बिसंडा ब्लाक के वोट आदर्श इंटर कालेज, बिसंडा में गिने जाएंगे।
कमासिन ब्लाक की मतगणना विनोबा भावे इंटर कालेज, कमासिन और बबेरू ब्लाक की गिनती जेपी शर्मा इंटर कालेज, बबेरू में होगी। हर ब्लाक में एक-एक जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए। आठों ब्लाकों की मतगणना में 79 टेबिल डीडीसी और इतनी ही टेबिल बीडीसी वोटों की गिनती के लिए लगेंगी। हर टेबिल में एक पर्यवेक्षक और चार सहायक रहेंगे। मतगणना में सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। वीडियोग्राफी भी होगी। पंचास्थानिक चुनाव कार्यालय के योगेश कुमार ने बताया कि मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी। हर घंटे एनाउंसमेंट होगा। उधर, नरैनी ब्लाक के निर्वाचन अधिकारी अख्तर हुसेन ने बताया कि राजकुमार इंटर कालेज में 26 टेबिलों पर मतपत्रों की गिनती होगी। बबेरू ब्लाक के आरओ योगेंद्र रावण ने बताया कि 11 टेबिलों पर मतगणना कराई जाएगी।