तिंदवारी/बेंदाघाट। सौतन के बेटे को कीमती मोबाइल फोन खरीदवानेे पर पति से हुए विवाद के बाद पत्नी ने रविवार की शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका और पति दोनों की ही दूसरी शादी थी। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मानकर शव का पोस्टमार्टम कराया है।
घटना तिंदवारी थाना क्षेत्र के अमलीकौर गांव में रविवार की देर शाम की है। जगतपाल वर्मा की पहली पत्नी सतरूपा देवी 11 साल पहले वर्ष 2010 में उनको छोड़कर चली गई थी।
पुरानी तिंदवारी स्थित मायके में रह रही है। उसका 14 वर्षीय पुत्र निखिल पिता जगतपाल के साथ ही रहता है। जगतपाल ने वर्ष 2011 में अतर्रा थाना क्षेत्र के नंदना गांव की सुनीता देवी (40) से अतर्रा में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में दूसरी शादी कर ली। सुनीता की भी यह दूसरी शादी थी। उसके पहले पति ने उसे पांच वर्ष पहले छोड़ दिया था। सुनीता से एक बेटी हुई जो अब चार वर्ष की है। 12 फरवरी को जगतपाल ने पहली पत्नी के पुत्र निखिल को 12 हजार रुपये का नया एंड्रॉयड मोबाइल फोन खरीदवा दिया। यह सुनीता को नागवार गुजरा। इसे लेकर उसका जगतपाल से काफी विवाद हुआ।
इसकी तनातनी चली ही रही थी कि इसी बीच रविवार की शाम निखिल भूसा लेने जाने के लिए घर में रखी बाइक निकालने लगा। सुनीता ने उसे पैदल जाने के लिए कहा। इस पर सुनीता और पति जगतपाल के बीच फिर झगड़ा हुआ। कुछ ही देर बाद सुनीता ने घर में कमरे के अंदर जाकर दरवाजे बंद कर लिए और खपरैल में अपनी साड़ी बांधकर फांसी पर झूल गई। परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो फंदे पर लटकी मिली। आननफानन दरवाजा खोलकर शव को फंदे से उतारा। इस बीच सुनीता के मायके वाले भी आ गए। पति ने थाने में सूचना दी। प्रभारी एसओ राजेश वर्मा ने बताया कि दंपति के बीच मामूली विवाद के बाद सुनीता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। थाना प्रभारी के मुताबिक, फिलहाल मायके पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है।
इंसेट---
जहर खाकर आत्महत्या की
बांदा। शहर कोतवाली क्षेत्र के कनवारा गांव में मुकुल सिंह (33) ने रविवार की रात जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक खेती किसानी कर परिवार चलाता था। मृतक के एक पुत्र है। घटना की वजह परिजन घरेलू कलह बता रहे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। उधर, अन्य घटना में देहात कोतवाली क्षेत्र के बरगहनी गांव निवासी मिथलेश ने रविवार की शाम जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
-------------------
वाहन की टक्कर से दंपति घायल, बच्चे की मौत
बांदा। वाहन की टक्कर से बाइक सवार मासूम की सोमवार को मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
पैलानी थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव निवासी राजू अपनी पत्नी गुड़िया के साथ बाइक से जसपुरा क्षेत्र के रामपुर रिश्तेदारी में गया था। साथ में उसका दो वर्षीय बेटा धीरज भी था। सोमवार को दोपहर वापस आते समय कानाखेड़ा गांव के पास वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे धीरज की मौत हो गई, जबकि राजूू और गुड़िया घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। गुड़िया को कानपुर रेफर कर दिया गया। पैलानी थाना प्रभारी जीतेंद्र कुमार ने बताया कि वाहन व चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी घटना में शहर कोतवाली क्षेत्र के कहला गांव निवासी सुरेश, उसकी बहन ज्योति और भागवती बाइक से भागवती का इलाज कराकर सोमवार की दोपहर वापस वापस घर आ रहे थे। बांसी-देवरार गांव के पास आगे जा रही बाइक से टकराकर घायल हो गए। अन्य घटना में मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ निवासी अंश सोमवार को ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर जा रहा था। केन पुल के पास बाइक की टक्कर से घायल हो गया। राहगीरों ने सभी को जिला अस्पताल में पहुंचाया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। (संवाद)
---------------
ई-रिक्शा पलटने से छह लोग घायल
बांदा। ई-रिक्शा पलटने से सोमवार को वृद्धा समेत आधा दर्जन घायल हो गए। फतेहगंज थाना क्षेत्र के जबरापुर गांव निवासी कुंती व नरैनी जमवारा निवासी कांती देवीसोमवार की दोपहर ई-रिक्शा से देवी दर्शन को जा रहे थे। गजपतपुर के पास ई- रिक्शा के पलट जाने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई। अन्य चार यात्रियों को मामूली चोटें आईं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। (संवाद)