बांदा। निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर के असंतुलित होकर पलटने से रविवार की देर शाम दो मजदूरों की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वाले मजदूर बालू और कंक्रीट ढोने का काम करते थे।
घटना बिसंडा थाना क्षेत्र के कोनी गांव के पास की है। रविवार की देर शाम इसी थाना क्षेत्र के लौली टीकामऊ गांव का राम सिंह (35) एक्सप्रेस-वे कार्यदायी संस्था का ट्रैक्टर लेकर कोनी गांव जा रहा था। उसके साथ पिस्टा गांव निवासी रज्जू विश्वकर्मा का बेटा सत्यनारायण (18) और जयप्रकाश का बेटा कृष्ण कुमार भी था। कोनी के नजदीक ट्रैक्टर पलट गया, जिससे राम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सत्यनारायण और कृष्ण कुमार को अन्य मजदूरों ने 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा।
यहां डाक्टरों ने सत्यनारायण को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सोमवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के भाई श्रवण ने बताया कि राम सिंह प्रतिमाह 6000 रुपये में एक्सप्रेस-वे में बालू-कंक्रीट ढोने की मजदूरी करता था। वह अपने पीछे पत्नी अनीता और दो पुत्र व दो पुत्रियां छोड़ गया है। बताया कि दूसरा मृतक सत्यनारायण अविवाहित था। उसे भी इतनी ही मजदूरी प्रतिमाह मिलती थी। लौली टीकामऊ और पिस्टा गांव के लगभग आधा सैकड़ा ग्रामीण एक्सप्रेस-वे में मजदूरी कर रहे हैं।
इंसेट---
टेंपो की टक्कर से व्यवसायी की मौत
बांदा। नेशनल हाईवे में टेंपो की टक्कर से बाइक चालक पटाखा व्यवसायी की मौत हो गई। पीछे बैठी पत्नी को भी चोटें आई हैं। गिरवां थाना क्षेत्र के खुरहंड गांव निवासी पटाखा व्यवसायी श्यामलाल (50) सोमवार को दोपहर बाइक से बांदा आ रहे थे। साथ में उसकी पत्नी सुषमा देवी भी थी। बांदा-प्रयागराज नेशनल हाईवे में महुआ गांव के पास सामने से टेंपो ने उन्हें टक्कर मार दी। श्यामलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। 108 एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। टेंपो चालक वाहन लेकर भाग निकला। मृतक के पुत्र धीरज ने बताया कि मां का इलाज कराने जा रहे थे। (संवाद)
इंसेट---
नायब तहसीलदार और लेखपाल घायल
बांदा। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार नायब तहसीलदार और लेखपाल घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। शहर के इंदिरा नगर निवासी अवधेश शुक्ला सदर तहसील में नायब तहसीलदार हैं। सोमवार को दोपहर वह लेखपाल व आवास विकास निवासी गौरव सिंह के साथ बाइक पर काम के सिलसिले में बनियन खोड़ गांव जा रहे थे। बांदा-महोबा नेशनल हाईवे में मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ गांव के पास पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। (संवाद)
इंसेट---
लोडर से कुचलकर बालक की मौत
बांदा। पैलानी थाना क्षेत्र के निवाइच गांव निवासी मुकेश (10) की लोडर की चपेट में आने से मौत हो गई। भाई रामकृपाल ने बताया कि सोमवार की शाम अपने पिता कृष्ण पाल के साथ लोडर में खेत से घर आ रहा था। तभी दरवाजा खुल जाने पर मुकेश नीचे गिर गया और लोडर की चपेट में आ गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां डाक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। (संवाद)
इंसेट---
घर में घुसकर परिवार के छह लोगों को पीटा
बांदा। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के ब्योंजा गांव में दबंगों ने घर में धावा बोलकर एक ही परिवार के छह लोगों को डंडों से पीटकर घायल कर दिया। मोतीलाल को गंभीर चोट आने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा बउवा, दिनेश, बब्बू और मोतीलाल के दो भाइयों को भी मारपीट में चोटें आईं। घायलों ने बताया कि मोतीलाल का पुत्र दिनेश शराब के नशे में हंगामा कर रहा था। इसी बीच वहां से गुजरी युवती को गलतफहमी हो गई। उसकी शिकायत पर उसके घरवालों ने घर में घुसकर मारपीट की। पुलिस को तहरीर दे दी। एक अन्य घटना में मटौंध थाना क्षेत्र के बोधी पुरवा निवासी अनीस को गांव के दबंगों ने पीटकर घायल कर दिया। हमलावरों ने उसके भाई लाल मोहम्मद को भी दौड़ा लिया। घायल ने बताया कि बालू ढोने को लेकर विवाद हो गया था। (संवाद)
-----------
फोटो परिचय-3-टैंकर पलटने से सड़क पर फैला कच्चा तेल।
ट्रक-टैंकर टकराए, कच्चा तेल सड़क पर फैला
बांदा। कोतवाली नगर क्षेत्र के मवई बाईपास के पास सोमवार को तड़के टैंकर और ट्रक में आमने-सामने टक्कर हो गई। दोनों वाहनों के चालक और क्लीनर घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से किनारे कराया। उधर, टैंकर पलटने से कच्चा तेल सड़क में फैलकर बर्बाद हो गया। टैंकर स्वामी ने बर्बाद हो गए तेल की कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई है। टैंकर कानपुर जा रहा था और ट्रक बांदा आ रहा था। (संवाद)