खरीफ में 20 हजार हेक्टेयर लक्ष्य का दायरा बढ़ा
इस वर्ष 1.24 लाख हेक्टेयर तय किया लक्ष्य
अधिक दाम पर खाद बेची तो होगी कार्रवाई
जिला कृषि अधिकारी ने जारी किए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। हल्की बारिश के बाद किसानों ने खरीफ फसल की तैयारी शुरू कर दी। कृषि विभाग ने इस वर्ष खरीफ का बुवाई लक्ष्य 1.24 लाख हेक्टेयर निर्धारित किया है। पिछले वर्ष यह लक्ष्य 1.04 लाख हेक्टेयर था। अबकी 20 हजार हेक्टेयर का इजाफा किया गया है। उधर, कृषि विभाग ने अधिक मूल्य पर उर्वरकों की बिक्री रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं।
जिला कृषि अधिकारी डा.प्रमोद कुमार ने बताया कि खरीफ की बुआई जुलाई माह से शुरू होती है लेकिन किसान इसके पहले ही खाद, बीज व खेत तैयार करना शुरू कर देता है। उर्वरकों की खरीद में किसान ठगी का शिकार न हो सके आधार कार्ड व जोत बही पर पीओएस मशीन से बिक्री अनिवार्य की गई है। किसानों से भी कहा जा रहा है कि दुकानदारों को बोरी में अंकित प्रिंट रेट से अधिक मूल्य कतई न दें। पीओएस मशीन से निकली रसीद व बोरी पर अंकित रेट का मिलान कर लें। फास्फेटिक उर्वरक की दरों में भिन्नता है। पुरानी बोरी पर दर कम अंकित है। नई बोरियों में बढ़ी हुई दर अंकित होने की संभावना है। दुकानदार नए दर पर किसानों को पुरानी बोरी बेच सकता है। दुकानदारों को भी हिदायत दी है कि वह खाद बिक्री का ब्योरा स्टाक व बिक्री रजिस्टर में दर्ज करें। कृषकों का नाम, पता, आधार नंबर, क्षेत्रफल व मोबाइल नंबर भी दर्ज किया जाए। ताकि सत्यापन में दिक्कत न हो। चेतावनी दी कि निर्देेशों का पालन न होने पर दुकानदार के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत कार्रवाई की जाएगी।