बबेरू। कोतवाली क्षेत्र के काजीटोला गांव के पास मवेशी के सामने आने से ट्रैक्टर पलट गया, जिससे किशोर की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। निभौर गांव का कल्लू निषाद बांकल गांव से ट्रैक्टर में शटरिंग लादकर तीन लोगों संग गांव आ रहा था। काजीटोला गांव के पास सामने भैंस के आने से ट्रैक्टर पलट गया। कल्लू निषाद के पुत्र शोएब (12) की मौके पर मौत हो गई, जबकि पत्नी गायत्री समेत मिर्जापुर (मरका) गांव की फूलमती, अजीत, कोर्रा गांव की दसौरिया गंभीर रूप से घायल हो गई। (संवाद)
--------------
नशे में उत्पात मचा रहा युवक हिरासत में
अतर्रा। टीचर कालोनी का विनय कुमार पड़ोस में शराब पीकर उत्पात मचा रहा था। पड़ोसियों ने यूपी-112 पुलिस की मदद से उसे थाना पुलिस को सौंप दिया। (संवाद)
---------------
बोलेरो की टक्कर से वृद्ध घायल
अतर्रा। गांधीनगर का नाती बुधवार की देर शाम खेत से आते समय बोलेरो की टक्कर से घायल हो गया। उसे पीएचसी बिसंडा में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। (संवाद)
---------------
पीड़ित परिवार गांव छोड़ने को मजबूर
अतर्रा। किराये के मकान में रह रही 13 वर्षीय किशोरी के साथ मकान मालिक द्वारा की गई छेड़छाड़ की घटना में आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित परिवार गांव छोड़ने को मजबूर है। पिता ने बताया कि उन्होंने बिसंडा थाने में आरोपी के खिलाफ पाक्सो में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तब से आरोपी पक्ष उससे समझौते का दबाव डाल रहा है। पिता का कहना है कि घटना के 5 दिन बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। (संवाद)
------------------
पिता पर जानलेवा हमला
अतर्रा। खुरहंड चौकी क्षेत्र के बिगहना गांव निवासी श्रवण कुमार को उसके छोटे पुत्र ने धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। परिजनों ने घायल को यूपी-112 पुलिस की मदद से स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। (संवाद)