बांदा। 100 क्विंटल से अधिक राशन में अनियमितता मिलने पर कोटा निलंबित कर कोटेदार के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जिला पूर्ति अधिकारी राजीव तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर बिसंडा ब्लाक के उमरेंहडा गांव स्थित राशन दुकान की पूर्ति निरीक्षक याकूब और लिपिक बृजेश पटेल से जांच कराई गई। मौके पर 66.21 क्विंटल गेहूं, 30.24 क्विंटल चावल, 1.11 किलो चना और 99 किलो चीनी की अनियमितता पाई गई। डीएम आनंद कुमार सिंह के निर्देश पर राशन की दुकान निलंबित कर कोटेदार रूपा देवी के विरुद्ध बिसंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज हो गई है। (संवाद)