बांदा। फसल पैदा न होने और बची-खुची फसल मवेशियों के चर जाने के सदमे में किसान की हार्ट अटैक से मौत हो गई। ग्रामीणों से कर्ज लेकर गेहूं और चना की बुआई की थी।
सदर तहसील अंतर्गत मटौंध थाना क्षेत्र के जखौरा गांव निवासी राजाराम (46) की बुधवार को घर में हालत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी राधारानी ने बताया कि पति के नाम सात बीघा जमीन है। ग्रामीणों से करीब 20-25 हजार रुपये कर्ज लेकर गेहूं और चना की बुआई की थी। गेहूं फसल अन्ना मवेशी चर गए। चना की पैदावार अच्छी नहीं हुई। मात्र चार पसेरी (20 किलोग्राम) ही उत्पादन हुआ। इसी से राजाराम तनाव में था। कर्ज अदायगी और आर्थिक तंगी के चलते सदमे से मौत हो गई। मृतक अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है। परिजनों के मुताबिक राजस्व कर्मियों को घटना की सूचना दी गई है।