बांदा/बबेरू। जमीन में दबंगों के कब्जे और पुलिस द्वारा उन पर कार्रवाई न होने से तंग आकर लघु सीमांत किसान ने सोमवार को खेत की झोपड़ी में फ ांसी लगाकर जान दे दी। मृतक ने पांच पेज के अपने सुसाइड नोट में यह सारी स्थितियां बयां की हैं।
पुलिस का कहना है कि जमीन का विवाद न्यायालय में लंबित है। वहां हो रहा निर्माण रुकवा दिया गया था। मर्का थाना क्षेत्र के काजी टोला गांव में बीते रविवार की रात रामचरन (45) ने खेत में बनी झोपड़ी में रस्सी से फांसी लगा ली। सुबह परिजनों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटना स्थल से पांच पेज का सुसाइड नोट मिला है। जिसमें मृतक ने दबंगों पर जमीन में कब्जा कर मकान बनाने और शिकायत के बावजूद पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने आरोप लगाया।
पत्नी सरोज ने बताया कि जमीन में कब्जा करने की शिकायत लेकर उसका पति कई बार थाने गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। जमीन का मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। मृतक के चार बेटे व एक बेटी है। दो बेटे अहमदाबाद में मजदूरी करते हैं। उधर, थाना प्रभारी रामआसरे सरोज का कहना है कि रामचरन की शिकायत पर उन्होंने मौके पर जाकर विवादित जमीन में मकान का निर्माण रुकवाया दिया था। थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि मृतक शराब का आदी था। नशे में उसने आत्महत्या की है। थाना प्रभारी ने सुसाइड नोट की पुष्टि की।
इंसेट
पुलिस ने फंदे से उतार अस्पताल पहुंचाया
बांदा। शहर कोतवाली क्षेत्र के कृषि विश्वविद्यालय चौकी अंतर्गत मवई बुजुर्ग गांव में सोमवार को दोपहर पप्पू (30) ने घर में दरवाजा बंद कर रस्सी से फांसी लगा ली। फोन पर सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी नरेश चंद्र निगम फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर युवक को फंदे से उतारा। इसी बीच कोतवाल जय श्याम शुक्ला भी पहुंच गए। पुलिस ने अपने वाहन से गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक युवक ने शराब के नशे में पत्नी से झगड़कर फांसी लगाई है। (संवाद)
------------------
कार की टक्क र से बालक की मौत
बांदा। कार की टक्कर से आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। जसपुरा कस्बा निवासी विमल कुमार का बेटा जितेंद्र (8) सोमवार की सुबह परचून की दुकान में नमकीन लेने गया था। वापस घर आते समय भरुआ सुमेरपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उधर, कमासिन-ओरन मार्ग पर मंझीवा व कछिया पुरवा के पास रविवार की सुबह टेंपो पलटने से चित्रकूट जनपद के करारी गांव निवासी गोपी सविता (45) की मौत हो गई। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि टेंपो को थाने में खड़ा कर लिया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
------
मधुुमक्खियों के हमले से घायल वृद्ध की मौत
अतर्रा। मधुुमक्खियों के हमले से घायल वृद्ध की मौत हो गई। तहसील क्षेत्र के तेंदुही गांव निवासी हीरालाल (65) सात फरवरी को मधुमक्खियों के हमले से घायल हो गया था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो दिन बाद डाक्टरों ने छुट्टी दे दी। पत्नी फूलमती ने बताया कि वह दर्द से बराबर कराहते रहे। रविवार की रात मौत हो गई। मृतक के ढाई बीघा जमीन है। दो बेटे व एक बेटी है। एसडीएम ने पीड़िता को आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया है। (संवाद)
------
बाइक खंती में गिरी जीजा-साला घायल
अतर्रा। बाइक के खंती में गिरने से जीजा व साला सहित तीन लोग घायल हो गए। थाना क्षेत्र के दिखितवारा गांव का मनोज अपने जीजा द्वारिका और प्रकाश कुशवाहा के साथ बाइक में रविवार को दोपहर बहन के यहां बदौसा थाना क्षेत्र के बछनी पुरवा गांव जा रहे थे। गांव के नजदीक बाइक ब्रेकर में उछलकर खाई में जा गिरी। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों जिला अस्पताल पहुंचाया। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। (संवाद)
-------
मारपीट कर किसान की चेन छीनी
अतर्रा। थाना क्षेत्र के खम्हौरा गांव के किसान नीलेश मिश्रा ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि धान बेचने के लिए मंडी परिसर में एफसीआई के क्रय केंद्र में 27 जनवरी से पड़े हुए हैं। सोमवार को धान बेचने का नंबर आया तो हैंडलिंग ठेकेदार बताने वाले बाउर बाजार स्टेशन रोड निवासी ज्ञानू दूसरे के धान की तौल कराने लगा। मना करने पर साथियों को बुलाकर मारपीट की और सोने की जंजीर छीन ली। इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्रा ने कहा कि दोनों तरफ से तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
------
दो लोगों ने जहर खाया
बांदा। गिरवां गांव के रियाकत अली व मध्य प्रदेश के गौरिहार निवासी राधा ने रविवार को सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। परिजन घटना की वजह नहीं बता पा रहे हैं। (संवाद)
------------------
फोटो परिचय-9- लखनऊ कूच कर रहीं जल सखी मोर्चा की महिलाओं से वार्ता करते एसडीएम व पुलिस अधिकारी।
अफसरों ने ज्ञापन लिया, लखनऊ कूच थमा
बांदा। खप्टिहा कलां खदान में अवैध खनन और किसानों की भूमि को नुकसान पहुंचाने के विरोध में जल सखी मोर्चा के बैनर तले क्षेत्रीय महिलाओं का लखनऊ कूच अफसरों द्वारा ज्ञापन लेकर कार्रवाई का भरोसा देकर रुकवा दिया। सोमवार को मोर्चा की महिलाएं बैलगाड़ी व ट्रैक्टर में सामान व राशन लादकर लखनऊ के लिए कूच कर रहीं थीं। कुछ ही किमी चलने पर एसडीएम पैलानी, खनिज अधिकारी, खान निरीक्षक, पैलानी एसओ आदि मौके पर पहुंचे और महिलाओं का नेतृत्व कर रही ऊषा निषाद से बातचीत कर ज्ञापन लिया। महिलाओं ने कहा कि शीघ्र कार्रवाई न हुई तो वह फिर लखनऊ और दिल्ली कूच करेंगी। मोर्चा में राजरानी, रामदेवी, शिवपति, रम्मत, शिवप्यारी, श्रेया, शिवरानी, राममूरत, अमित, विजय, राजू, राममूरत, अमर इत्यादि शामिल रहे। (संवाद)