बांदा। किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने के दोषी युवक को सोमवार को विशेष न्यायाधीश (पाक्सो एक्ट) मोहम्मद रिजवान अहमद ने पाक्सो एक्ट में 7 वर्ष की कैद और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा हुई है। जुर्माना न देने पर 6 माह और जेल में रहना होगा।
तिंदवारी क्षेत्र के गांव में 11 दिसंबर 2013 को आधी रात के बाद पचासा डेरा निवासी राहुल सिंह किशोरी को जीप में बैठाकर ले गया और बहराइच में किराये का मकान में रहने लगा।
किशोरी की मां द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने हरिकुंडा घाट के पास किशोरी को खोज निकाल युवक को गिरफ्तार कर लिया। डॉक्टरी परीक्षण में किशोरी गर्भवती मिली। पुलिस ने विवेचना के बाद आरोपपत्र दाखिल किया। अभियोजन की ओर से एडीजीसी रामसुफल सिंह व भूरा प्रसाद निषाद ने 8 गवाह पेश किए। सोमवार को विशेष न्यायाधीश (पाक्सो एक्ट) मो. रिजवान अहमद ने दोषी राहुल सिंह को 7 वर्ष की सश्रम कैद और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना राशि में 10 हजार रुपये पीड़िता किशोरी को दिए जाएंगे। (संवाद)
-------------------
बाइक चोर मामा-भांजे को 5-5 वर्ष की कैद
बांदा। बाइक चुराने और बेचने में संलिप्त मामा-भांजे को अपर जिला न्यायाधीश ने 5-5 वर्ष की कैद और 10-10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
शहर कोतवाली के तिंदवारी गांव निवासी रामस्वरूप की बाइक जनवरी 2019 में बांदा रेलवे स्टेशन से चोरी हो गई थी। जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। उधर, कचहरी परिसर में स्टेट बैंक के बाहर अनुज सिंह की बाइक और जिला अस्पताल से हरिशंकर मिश्रा की बाइक 17 दिसंबर 2018 को चोरी हो गई थी। सभी रिपोर्ट दर्ज हुईं थीं। बाद में जीआरपी ने दो चोरों को रंगेहाथ पकड़ा था। उनके कब्जे से सभी बाइकें बरामद हुईं थीं। पुलिस ने शिवशंकर और उसके मामा शिव कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज आरोपपत्र दाखिल किया था। एडीजीसी देवदत्त मिश्रा ने 4 गवाह पेश किए। सोमवार को अपर जिला न्यायाधीश ने दोनों को 3-3 वर्ष की कैद और 2-2 हजार रुपये जुर्माना। एक अन्य धारा में 5-5 वर्ष कैद और 10-10 हजार रुपये जुर्माना लगाया। जुर्माना न देने पर अलग-अलग दिनों की और सजा भुगतनी होगी। कई धाराओं से बरी कर दिया। (संवाद)
-------------------
माध्यमिक शिक्षक संघ ने 7 सूत्रीय ज्ञापन दिया
बांदा। माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) और शिक्षक एकता समिति ने संयुक्त रूप से सोमवार को डीआईओएस को उनके कार्यालय में 7 सूत्री ज्ञापन दिया। लेखाधिकारी से भी मिलकर समस्याओं पर वार्ता की। संघ जिला मंत्री मो. बाकर ने बताया कि दोनों ही अफसरों ने समस्याओं के निराकरण पर भरोसा दिलाया है। संरक्षक केदार वर्मा, उपाध्यक्ष जानकीशरण सहित शिवपूजन त्रिपाठी, दादूराम वर्मा, रामहित शिवहरे, गिरजेश मिश्र, रामप्रसाद, ब्रजेंद्र, सर्वेश, धनराज, मनोज, योगेंद्र मिश्रा अध्यापक व प्रधानाचार्य शामिल रहे। (संवाद)
--------
कमासिन क्षेत्र में भ्रष्टाचार के विरोध में ज्ञापन
बांदा। बुंदेलखंड आजाद सेना ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कमासिन क्षेत्र में सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि लाखीपुर, बंथरी, मनक ड़ही, सांडा, अनडौरा आदि गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग, कमासिन-दादौं मार्ग अधूरे और घटिया बने हैं। कमासिन का एक बैंक दलाली का अड्डा बन गया है। सीएचसी खंडहर हो गई है। ज्ञापन में कमासिन को तहसील व नगर पंचायत का दर्जा देने समेत 7 मांगें शामिल हैं। ज्ञापन देने वालों में संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष प्रमोद आजाद सहित पूर्व छात्र नेता रमेशचंद्र कुरील, पुष्पेंद्र भास्कर, राजेश आदि शामिल रहे। (संवाद)
--------------------
वाहन चोरी में बीमित राशि देने के आदेश
बांदा। जिला उपभोक्ता आयोग ने वाहन चोरी के एक मामले में इंश्योरेंस कंपनी को वाहन की बीमित राशि देने के आदेश दिए हैं। समय पर भुगतान न करने पर कंपनी पर तीन हजार का जुर्माना भी किया। शहर के अलीगंज निवासी दिलशाद ने जिला उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी कि पिकअप 4 मार्च 2015 को चोरी हो गया था। बीमा होने के बाद भी यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी क्लेम नहीं दे रही है। आयोग अध्यक्ष तूफानी प्रसाद, सदस्य अनिल चतुर्वेदी ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद कंपनी को एक माह के अंदर बीमित राशि 1.70 लाख रुपये और घटना की तिथि से भुगतान की तिथि तक 7 प्रतिशत वार्षिक ब्याज से अदा करने का आदेश दिया। (संवाद)
-------------------
जिलाध्यक्ष मनोनीत
अतर्रा। अंबेडकर समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. एसएन कुशवाहा ने शिवकुमार को संगठन के प्रति लगन व निष्ठा को देखते हुए पुन: जिलाध्यक्ष मनोनीत किया है। (संवाद)
--------
प्रशस्तिपत्र दिया
अतर्रा। काव्य सविता साहित्यिक मंच (मध्य प्रदेश) ने नगर के ब्रह्म विज्ञान इंटर कालेज के प्रधानाचार्य शिवदत्त त्रिपाठी को सृजन एवं रचनात्मक योगदान में ऑनलाइन प्रशस्तिपत्र दिया है। काव्य गोष्ठी में उन्होंने तुलसीदास रचित कविता दोहा प्रस्तुत किया था। प्रशस्तिपत्र में व्यवस्थापक सुरेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष दीपांजलि, संयोजिका सुधा चौधरी के हस्ताक्षर हैं। (संवाद)
------------------
गोशाला का गेट तोड़कर मवेशी भागे
अतर्रा। तहसील क्षेत्र के कुसमा गांव की अस्थायी गोशाला से रविवार की रात दो दर्जन से अधिक अन्ना मवेशी गेट तोड़कर भाग गए। आरोप है कि पशुओं को भरपेट चारा भूसा नहीं दिया जा रहा था। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि दो दिन से दो अन्ना मवेशी मृत पड़े हैं। दुर्गंध से अन्य मवेशी भी बीमार हो रहे हैं। ग्रामीणों ने भेजे गए ज्ञापन में जांच व कार्रवाई की मांग की है। जिला पशु चिकित्साधिकारी राजीव धीर का कहना है कि जांच कराई जाएगी। (संवाद)
------------------
दूसरे के दुख में जो काम आए वही इंसान
तिंदवारी। कुरसेजा धाम के मारुति महोत्सव में झांसी की साध्वी नीलम शास्त्री ने कहा कि मानव का शरीर नाशवान है। एक दिन इसे मिट्टी में मिल जाना है। संसार में हमारे बेहतर कार्य ही सराहे जाएंगे। जो दूसरों के दुख में काम आए वही इंसान है। महंत परमेश्वर दास महाराज ने बताया कि 24 फरवरी को समापन पर भंडारा होगा। निशुल्क चिकित्सा शिविर में कैंसर, सांस, जबड़ा, हड्डी रोग, हृदय, त्वचा, दंत आदि रोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा इलाज किया जाएगा। इस मौके पर दिनेश द्विवेदी, ओमकार दास महाराज, सत्येंद्र दास महाराज, लोकेंद्र दास महाराज आदि मौजूद रहे। (संवाद)