बांदा। ससुराल में रविवार को युवती फांसी के फंदे में लटकी मिली। युवती के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत तीन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। ससुरालीजन पति से कहासुनी हो जाने पर आत्महत्या बता रहे हैं। डाक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया।
घटना बबेरू कोतवाली क्षेत्र के करिंगा गांव की है। यहां बुद्धुदास की पत्नी शशि (22) का शव रविवार को सुबह कमरे में साड़ी के फंदे पर लटका मिला। पति की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। ससुरालियों का कहना है कि बुद्धुदास कानपुर में राजमिस्त्री का काम करता है। पत्नी शशि भी साथ रहती थी। पंचायत चुनाव मतदान के पूर्व दोनों घर आए थे। शनिवार की रात किसी बात को लेकर दंपती के बीच विवाद हो गया। इसी से क्षुब्ध होकर उसने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के वक्त ससुर शिवकुमार गांव में शादी में गया था। सास व ननद दूसरे कमरे में सो रही थी।
उधर, मृतका के पिता राजकरन (पहाड़ी, चित्रकूट) ने बताया कि दो साल पूर्व शादी हुई थी। आरोप लगाया कि दहेज की मांग लेकर ससुरालीजन उसकी पुत्री को प्रताड़ित करते थे। उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया। कोतवाली इंस्पेक्टर भास्कर मिश्रा ने बताया कि पिता की तहरीर पर पति समेत सास व ससुर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पति और ससुर को हिरासत में ले लिया गया। (संवाद)