- सीएम के आदेश पर हुई त्वरित कार्रवाई, जाम की समस्या से मिलेगी निजात
- होल्डिंग एरिया में बाहर वाहन खड़े मिले तो होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन ने सड़कों पर वाहनों के अवैध खड़े होने की समस्या से निपटने के लिए 26 स्थानों पर विशेष होल्डिंग (अस्थायी क्षेत्र) एरिया बनाए हैं। इन क्षेत्रों में वाहनों को खड़ा किया जाएगा जिससे एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य प्रमुख मार्ग सुचारू रूप से चलेंगे। डीएम ने बताया कि इन क्षेत्रों में वाहनों के खड़े न होने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी, जिसमें चालान काटना शामिल है।
बांदा-फतेहपुर मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए कालूकुआं मंडी समिति, तिंदवारी बाईपास एक्सप्रेसवे के नीचे, महोखर चौराहा बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के नीचे, जसई तिंदवारी आउटर, कैप्टन ढाबा छापर, नारेंद्र ढाबा जौहरपुर, फौजी ढाबा जौहरपुर, विजय ढाबा जौहरपुर और छोटू ढाबा को होल्डिंग एरिया बनाया गया है। इसी तरह बांदा-नरैनी मार्ग के वाहनों के लिए मेडिकल तिराहा, कहैंया ढाबा मेडिकल कालेज के पास, बडोखर बुजुर्ग पेट्रोल पंप और नरैनी पेट्रोल पंप नहर के पास स्थान निर्धारित किए गए हैं।
बांदा-चिल्ला मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए मवई आउटर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के नीचे, जमालपुर कोतवाली देहात के पास, पपरेंदा पुलिस चौकी के पास और ललौली बाइपास रोड चिल्ला तिराहा को चिह्नित किया गया है। बांदा-महोबा रोड के वाहनों के लिए हाजी का ढ़ाबा, मटौध मंडी, जियो पेट्रोल पंप मटौध मंडी, बुंदेलखंड ढाबा भूरागढ़ तिराहा, और कनवारा चौराहा को होल्डिंग एरिया के रूप में विकसित किया गया है। अतर्रा-बदौसा मार्ग के लिए अतर्रा मंडी और बबेरू-तिंदवारी मार्ग के लिए बबेरू मंडी के पास होल्डिंग एरिया होंगे। यह पहल सड़कों पर यातायात के सुचारू प्रवाह को सुनिश्चित करने और आम जनता को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है।