Vehicle inspection of school children
- फोटो : BANDA
बबेरू/अतर्रा। मुख्यमंत्री द्वारा स्कूली बसों के सघन निरीक्षण के दिए गए निर्देशों पर शनिवार को परिवहन विभाग ने बबेरू और अतर्रा में स्कूली वाहनों का चेकिंग अभियान चलाया। बसों की हालत और उनके अभिलेख देखे। यात्रीकर/मालकर अधिकारी एके मिश्रा व पीटीओ रामसुमेर ने बबेरू के मुख्य चौराहे पर एक दर्जन वाहनों को चेक किया।
चालकों और स्वामियों को चेतावनी दी कि ओवर लोडिंग या बिना वैध अभिलेखों के संचालन पर पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। वाहनों में प्रशिक्षित चालक रखे जाएं। बच्चों को चढ़ाने व उतारने के लिए एक कंडेक्टर भी हो। इसके अलावा हेलमेट न लगाने पर एक दर्जन दो पहिया वाहनों का चालान किया।
उधर, अतर्रा के मुख्य चौराहा, मंडी समिति, थाने के पास स्कूल वाहनों सहित अन्य वाहनों की चेकिंग की। अभिभावकों से भी अपील की कि पुराने व जर्जर स्कूल वाहनों में बच्चों को न भेजें। टीम ने आधा दर्जन चार पहिया व दो पहिया वाहनों का चालान किया। रामनरेश यादव, करण कुमार आदि मौजूद रहे।