सड़क हादसे में घायलों का ओटी में चलता इलाज। संवाद
बांदा। बाइक सवार दो युवकों को वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। उसका साथी गंभीर घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक का हेलमेट क्षतिग्रस्त होकर दूर जा गिरा। घायल को कानपुर रेफर किया गया है।
मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ चौकी प्रभारी तारा सिंह ने बताया कि रविवार की शाम पांच बजे भूरागढ़ बाईपास पर स्थित पुल पर महोबा की ओर आए बाइक सवार दो लोगों को वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मझींवा गांव निवासी संजय (25) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक में पीछे बैठा उसका साथी बबेरू कस्बा निवासी जय सिंह (24) गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से उसे कानपुर रेफर किया गया है। पुलिस मृतक संजय व घायल जय सिंह के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
-
वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
बांदा। शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि मध्य-प्रदेश के छतरपुर जिले के गौरीहार थाना क्षेत्र के कटरा गांव निवासी वीरेंद्र पाल (19) साइकिल से सामान लेने बाजार जा रहा था। रविवार की शाम करीब पांच बजे कृषि विश्वविद्यालय के पास पीछे से आए वाहन ने उसे कुचल दिया। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि युवक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। (संवाद)
सड़क हादसे में घायलों का ओटी में चलता इलाज। संवाद