तिंदवारी। बीते चार दिनों से जिले में हो रही बारिश से जहां आमजन को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं इससे व्यापारी परेशान हैं।
लगातार बारिश से सब्जी व्यापार ठप होने की कगार पर पहुंच गया है। अभी तक कस्बे की सब्जी मंडी में करीब तीस दुकानें बंद हो चुकी हैं, जिसका असर ग्राहकों पर भी पड़ रहा है।
सब्जी व्यापारियों ने बताया कि कई व्यापारियों की सब्जी सड़ने की कगार पर है, खरीदार भी मंडी तक नहीं पहुंच पाते हैं। बारिश के चलते ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों का आवागमन बाधित है। तिंदवारी सब्जी मंडी मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित है और यह आसपास के कई गांवों के लिए सब्जियों का प्रमुख केंद्र मानी जाती है।
दुकानदार शरीफ ,शिव भवन ने बताया कि बीते तीन दिन से बिक्री नहीं हुई। उन्होंने कहा कि व्यापार ही बच्चों के पालन-पोषण का एकमात्र जरिया है। यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो जाएगा।