बांदा। चित्रकूटधाम मंडल से इस वर्ष हज यात्रा पर जाने वाले जायरीनों का टीकाकरण इसी सप्ताह नौ से 18 फरवरी के बीच किया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें हज संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
मास्टर हज ट्रेनर हाजी आरिफ खां ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति ने उन्हें मंडल के तीन जिलों - बांदा, हमीरपुर और चित्रकूट के हज यात्रियों के प्रशिक्षण एवं टीकाकरण की व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी है। हज यात्रियों को दी जाने वाली बुकलेट भी उपलब्ध करा दी गई है। राज्य हज समिति के निर्देशानुसार हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग, मेडिकल एग्जामिनेशन और वैक्सीनेशन कराया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि केवल स्वस्थ व्यक्ति ही हज पर जाएंगे, जबकि गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोग यात्रा नहीं कर सकेंगे।
प्रशिक्षक आरिफ ने बताया कि तीनों जिलों के जायरीनों के लिए टीकाकरण और प्रशिक्षण बांदा के खानकाह इंटर कॉलेज में आयोजित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा तारीख तय किए जाने के बाद जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी। बताया कि हमीरपुर में 12 फरवरी को टीकाकरण व प्रशिक्षण का कार्यक्रम निर्धारित है।