बबेरू। मरका थाना क्षेत्र के बम्हरौला गांव में गश्त पर गए यूपी-112 कांस्टेबल पर गांव के कुछ लोगों ने हमला कर घायल कर दिया। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। 15 लोगों के विरुद्ध पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव में ठंडा पानी पीने को लेकर ग्रामीणों के बीच हुए विवाद की सूचना मिलने पर ड्यूटी पर तैनात यूपी-112 का कांस्टेबल संदीप यादव (26) गुरुवार की रात बाइक पर बम्हरौला गांव गया था। साथ में होमगार्ड था। इसी दौरान ग्रामीणों ने कांस्टेबल संदीप पर हमला कर दिया। उसे गंभीर चोटें आईं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे बबेरू सीएचसी पहुंचाया। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने रात को ही हमलावरों की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन कोई हाथ नहीं लगा। सर्किल के अन्य थानों की पुलिस भी बुला ली गई। आरोपियों की तलाश की जा रही है। मरका थाने में गांव के चुनका सहित 15 लोगों के विरुद्ध बलवा आदि संगीन धाराओं की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी फरार है।