नरैनी। कस्बे के एक मैरिज हाल में बुधवार को संविधान से समाधान दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ।
वी द पीपल अभियान, ग्रीन एंड हैपी इंडिया ट्रस्ट, संस्कार सेवा समिति और मित्र बुंदेलखंड के संयुक्त तत्वावधान में प्रशिक्षण में 35 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षक धनंजय राय और मुकेश कुमार ने प्रतिभागियों के परिचय और सहभागी गतिविधियों के साथ प्रशिक्षण की शुरुआत की। पहले दिन समूह चर्चा, निर्णय लेने, सहमति बनाने और नियम तय करने जैसी गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को सहभागी प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया।
प्रशिक्षण में महिला-पुरुष एनिमेटर और सामुदायिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। ग्रीन एंड हैपी इंडिया ट्रस्ट के संतोष कुशवाहा, संस्कार सेवा समिति अतर्रा के सुरेश कुमार समेत संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे। मित्र बुंदेलखंड अतर्रा के महेंद्र कुमार ने कहा कि गतिविधियों के माध्यम से संविधान को समझना संवैधानिक मूल्यों से जुड़ने का प्रभावी माध्यम है।