बांदा। थाना कालिंजर क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने ही रिश्ते के मामा पर जबरन शादी का दबाव बनाने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कालिंजर थाना क्षेत्र के ग्राम गन्नेशन गांव के अंश गुढ़ाकला निवासी पीड़िता अंकिता देवी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 12 अगस्त को उसका रिश्ते में मामा लगने वाले प्रेमचंद्र निषाद, निवासी ग्राम कजरीकोल रामा का पुरवा थाना कालिंजर, उसे गांव के बाहर मिला। इस दौरान उसने उससे शादी करने का प्रस्ताव रखा। जब पीड़िता ने रिश्ते में मामा लगने की बात कहते हुए साफ इन्कार किया तो आरोपी ने आपत्तिजनक बातें कहीं और गाली-गलौज करते हुए मोटरसाइकिल से उतरकर उसके गाल पर थप्पड़ मार दिया। जाते समय आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने बताया कि सामाजिक बदनामी के डर से उसने उस समय किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। इसके बाद 26 जनवरी को आरोपी ने फोन कर दोबारा शादी का दबाव बनाया और इंकार करने पर अश्लील गालियां देते हुए फिर से जान से मारने की धमकी दी। घटना से भयभीत पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर थाना कालिंजर पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया और आरोपी के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए। क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच जारी है।