बांदा। कोतवाली देहात क्षेत्र में मंगलवार की रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। दोनों दशहरा मिलने के बाद विसर्जन जुलूस देखने के लिए बांदा आ रहे थे।
पैलानी थाना क्षेत्र के गांव खप्टिहाकलां निवासी राजबहादुर ने बताया कि पुत्र अंकित (22) मामा बबेरू कोतवाली क्षेत्र के राघव थोक निवासी सुनील (30) के यहां दशहरा मिलने गए थे।
वहां से देर रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों बाइक में सवार होकर बांदा में चल रहे विसर्जन में शामिल होने निकले। बड़ा बाईपास गुरेह गांव के पास सामने से आए ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता ने बताया कि अंकित बीए का छात्र था, वह सूरत में रहकर मजदूरी करता था। चार भाइयों में दूसरे नंबर का अविवाहित था। मां कजलिया हैं।
वहीं सुनील के पिता शिवकुमार ने बताया कि वह नोएडा में प्राइवेट कंपनी में साॅफ्टवेयर इंजीनियर था। उसकी शादी दो साल पहले मंजू से हुई थी। मां आशा देवी हैं। सीओ सदर प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि ट्रक चालक भागने में सफल रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।