बांदा। रंगदारी न देने पर बाइक सवार युवकों ने दो युवकों को तमंचे की बट से पीटकर लहूलुहान कर दिया। घायल की तहरीर पर एक आरोपी के खिलाफ नामजद व अज्ञात में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के खाईंपार मोहल्ला निवासी फरहान (22) दवा सप्लाई का काम करता है। वह अपने साथी दानिश (21) के साथ बुधवार की रात गुलाबबाग स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में दवा देने गया था। रात करीब आठ बजे के करीब एक दूसरी बाइक पर तीन युवक पहुंचे और फरहान को पीटना शुरू कर दिया। एक युवक ने तमंचा निकाला और फरहान के सिर पर मार दिया।
इस बीच फरहान का साथी दानिश (21) भी तमंचे की बट से लहूलुहान हो गया। दबंग युवक तमंचा लहराते हुए बाइक से भाग निकले। सड़क पर गुजर राहगीरों में अफरा तफरी मच गई। घायल फरहान और दानिश कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। घटना के करीब एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने अस्पताल के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान का प्रयास किया।
घायल फरहान ने बताया कि आरोपी जुनैद उसे धमकाकर 28 हजार रुपये ले चुका है। फरहान की तहरीर पर आरोपी जुनैद व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि घायल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।