चिल्ला/नरैनी। दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दो घायल हो गए। एक घटना में जीजा की मृत्यु और साला गंभीर रूप से घायल हुआ है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बबेरू निवासी हीरालाल (25) पुत्र लंगड़ा अपनी ससुराल डिघवट (चिल्ला) आया था। शुक्रवार को अपने साले श्याम मूरत (16) पुत्र मुन्नालाल के साथ चिल्ला से खरीददारी करने के बाद बाइक पर लौट रहा था। दोहतरा गांव के मजरा बच्चा डेरा के पास बांदा से आ रहे लोडर ने बाइक को टक्कर मार दी।
हीरालाल की वहीं मौत हो गई और श्याम मूरत गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया। बाइक चला रहा हीरालाल हेलमेट नहीं पहने था। चिल्ला थाना इंस्पेक्टर वीर प्रताप सिंह ने बताया कि चालक लोडर छोड़कर भाग गया। लोडर को थाने में खड़ा कराया गया है।
दूसरी घटना में सुनील यादव (24) पुत्र बंदर निवासी कुसुमा (बिसंडा) अपनी बाइक में मौसरे भाई कुलदीप यादव (22) पुत्र मुन्नालाल के साथ अपनी ससुराल बसराही (नरैनी) से शुक्रवार को दोपहर लौट रहा था। कालिंजर मार्ग पर मोबाइल की दुकान में बाइक रोककर खड़ा हो गया और मौसरे भाई को दुकान भेज दिया। तभी नरैनी से कालिंजर की ओर जा रहे बालू भरे ट्रक ने उसे कुचल दिया।
उसकी वहीं मौत हो गई। पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर ट्रक कब्जे में ले लिया है। कोतवाली प्रभारी इंद्रदेव सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा तहरीर दिए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
बोलेरो की टक्कर बाइक सवार दो घायल
अतर्रा। बांदा शहर के परशुराम तालाब निवासी उमाशंकर (45) पुत्र मंगल यादव अपने रिश्तेदार रामसजीवन (70) पुत्र बाबादीन को बाइक से निमंत्रण करने अतर्रा थाना क्षेत्र के पल्हरी जाते समय खुरहंड गांव के पास बोलेरो की टक्कर से घायल हो गए।
बोलेरो सवार लखनऊ निवासी अर्चना (38) पत्नी आरसी बाजपेयी व बोलेरो ड्राइवर दीपक (25) पुत्र घनश्याम भी टक्कर लगने से घायल हो गया। बाइक सवारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। उधर, नरैनी से मजदूरी करके वापस लौट रहे बाइक सवार भोला (23) पुत्र सुरेश गुप्ता नरैनी रोड गोखिया मोड़ पर अचानक अन्ना जानवर के सामने आने से गिरकर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था।