बांदा। अलग-अलग घटनाओं में दो युवतियों की ससुराल में फांसी से मौत हो गई। इनमें एक गर्भवती थी और दूसरी मृतका ने 10 दिन पूर्व पुत्र को जन्मा दिया था। दोनों ही घटनाओं में मायके वालों ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के उमरी गांव में छाया (23) पत्नी अंकित पांडेय ने रविवार की देर शाम घर के कमरे में पंखे के हुक में साड़ी से फांसी लगा ली। कुछ देर बाद पहुंचे पति ने शव लटका देखा और फंदे से उतारकर सीएचसी ले गए।
यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। यहां मृतका के पिता ओमप्रकाश और दादा गुरुदेव तिवारी ने बताया कि छाया की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी। ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। कहा कि चार माह मायके में रही छाया को एक माह पूर्व ही पति लिवाकर ससुराल गया था।
10 दिन पहले ही पुत्री ने पुत्र को जन्म दिया है। वहीं पेशे से मजदूर पति का कहना है कि छाया ने एक वर्षीय पुत्री फुल्की को मार दिया था। इस पर उसे डांट दिया तो क्षुब्ध होकर घटना कर ली। अपर एसपी महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी घटना में पैलानी थाना क्षेत्र के डाड़ामऊ गांव में रिंकी (25) पत्नी रामविशाल ने रविवार की रात खपरैल की बल्ली में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दो साल पूर्व उसकी शादी हुई थी और वह गर्भवती थी।
ससुरालीजन आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं कर सके। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पैलानी थाना इंसपेक्टर बलजीत सिंह ने बताया कि रिंकी के मायका जुरोधा (हमीरपुर) में सूचना दी गई है। मायके वालों की तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।