बांदा। मौसम में उतार-चढ़ाव के साथ बुखार और डायरिया के मरीज बढ़ते जा रहे हैं। जिला अस्पताल में बुखार से दो महिलाओं की मौत हो गई। उधर, डायरिया के नौ मरीजों का इलाज किया जा रहा है। देहात कोतवाली क्षेत्र के चटचटगन गांव निवासी भूरी (58) पत्नी जयपाल को कई दिन से बुखार आ रहा था।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार को सुबह उसकी मौत हो गई। इसी तरह परशुराम तालाब (बांदा) निवासी रानी (30) पत्नी राम प्रकाश दो दिन से बुखार से पीड़ित थी। शनिवार को उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
उधर, महोखर गांव निवासी ओम प्रकाश की पुत्रियां खुशी (10), अंशिका (3) व खुशबू (6) व राधेश्याम की पुत्री काजल (5) समेत कुसुमा (35) पत्नी जगदीश निवासी जमालपुर, संदीप (30) पुत्र गजेंद्र निवासी पुलिस लाइन, कल्ली देवी (40) पत्नी विजय निवासी छाबी तालाब, सुगरा बानो (70) निवासी मर्दन नाका व माया (30) पत्नी अवधेश निवासी बरगहनी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि महोखर गांव निवासी राधेश्याम की 9 माह की पुत्री बिट्टो की शुक्रवार को जिला अस्पताल में डायरिया से मौत हो गई थी। शनिवार को बड़ी पुत्री काजल भी डायरिया की चपेट में आ गई।