बांदा/कमासिन। डेंगू और बुखार का कहर थम नहीं रहा है। डेंगू की
चपेट में आए अनुदेशक की इलाहाबाद में उपचार के दौरान मौत हो गई। जिला
अस्पताल में एक बुखार पीड़ित ने दम तोड़ दिया। उधर, डेंगू का एक और बुखार
के सात मरीज रविवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कमासिन
कस्बा निवासी शिवाकांत (25) पुत्र रमेश सोनी बीरा गांव के स्कूल में
अनुदेशक था। चार दिन पहले उसे बुखार आने पर शनिवार को इलाहाबाद ले गए। वहां
जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। इलाज के दौरान वहां उसकी मौत हो गई।
अनुदेशक की मौत पर टीचरों ने श्रद्धांजलि दी।
उधर, गिरवां थाना
क्षेत्र के तेंदुही गांव निवासी श्यामलाल (40) को दो दिन से बुखार आ रहा
था। अतर्रा सीएचसी में जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर उसे जिला अस्पताल
में भर्ती कराया गया। उसकी पत्नी सुनैैना (35) भी मलेरिया बुखार से ग्रस्त
है।
रविवार को जिला अस्पताल में भर्ती बलखंडी नाका निवासी शांति
देवी (70) पत्नी श्याम किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई। इमरजेंसी वार्ड
में बुखार के पांच नए मरीज भर्ती कराए गए। इनमें प्रकाश (3) पुत्र राजू
निवासी चंदपुरा (छतरपुर) को दिमागी बुखार बताकर कानपुर रेफर कर दिया गया।
फरहाना
(24) पत्नी मोहम्मद सलमान निवासी बलखंडी नाका, गोमती (35) पत्नी कल्लू
निवासी माधौपुर (गिरवां) और संगीता (18) पुत्री राजबहादुर निवासी शुकुल
कुआं का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।