अतर्रा। थानाक्षेत्र कस्बा निवासी एक फल विक्रेता युवक ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह पत्नी व बहन को जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कस्बा के बिसंडा सड़क स्थित सुदामापुरी मोहल्ला निवासी रवि (23) ने अज्ञात कारण के चलते घर के कमरे में पंखे के हुक से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर बहन प्रियंका ने कमरे के अंदर देखा तो भाई फंदे पर लटका मिला। परिजन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। रवि के चाचा मंगल कुमार ने बताया कि रवि दो भाई और एक बहन में बड़ा था। वह बाजार में फल का ठेला लगाता था। फरवरी में उसकी शादी कालिंजर थानाक्षेत्र के नयागांव में हुई थी। शुक्रवार रात सबके साथ खाना खाकर वह कमरे में सोने चला गया था।
छोटा भाई पंकज मां को लेकर कुछ दिन पहले दवा कराने बाहर गया है। घटना से पत्नी नेहा समेत सभी परिजन का रो-रोकर कर बुरा हाल है। पुलिस की सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए हैं। थानाप्रभारी संजीव कुमार चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया फंदा लगाकर आत्महत्या की घटना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा।