बांदा/कमासिन। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छात्रा समेत दो की सर्पदंश से मौत हो गई। नरैनी कोतवाली के दिवली गांव के शिवमूर्ति सिंह ने बताया कि बेटी प्रीति (19) बदौसा स्थित सुक्खा पुरवा में बने घर में रहकर बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी।
रविवार सुबह करीब साढ़े चार बजे कमरे में फर्श पर सो रही थी। तभी सांप ने डस लिया। किराएदारों से मिली सूचना पर झाड़फूंक कराने के बाद अतर्रा सीएचसी ले गए। वहां से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज लाए। यहां उसने दम तोड़ दिया। वह चार बहन और एक भाई में दूसरे नंबर की थी। घर में मां सावित्री है। बदौसा के पंडित दीनदयाल डिग्री कॉलेज में छात्रा थी।
उधर, कमासिन थाना क्षेत्र के मुसींवा गांव के नानबाबू ने बताया कि शनिवार को दोपहर घर में छप्पर छा रहा था। बेटी मनीषा (20) कमरे में सामान तलाश कर रही थी। तभी दाहिने हाथ की अंगुली में सर्प ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर उसे झाड़फूक कराने राघोपुर ले गए। हालत में सुधार न हाेने पर कमासिन सीएचसी में दिखाया। वहां से डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। बांदा लाते समय शनिवार की देर शाम दम तोड़ दिया। मनीषा दो भाइयों व दो बहनों में दूसरे नंबर की थी। थानाध्यक्ष कमासिन कुलदीप तिवारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।