बांदा। पुलिस प्रशासन की लापरवाही की खामियाजा
नगरवासियों को जाम के रूप में भुगतना पड़ रहा है। बुधवार को दोपहर कालूकुआं
पुलिस चौकी के सामने जाम लगा तो दो घंटे लोग टस से मस नहीं हो सके।
जाम
में फंसे स्कूली छात्र-छात्राएं, मरीज, नौकरी पेशा व व्यवसायी व्यवस्था को
कोसते रहे। शहर में जाम का झाम कोई नया नहीं है। आए दिन लोगों को इसमें
पिसना पड़ रहा है।
दिन में नो-इंट्री में बड़े वाहनों का प्रवेश और डग्गामार वाहनों की बढ़ती फौज ने जिले के लोगों के लिए मुश्किलें पैदा कर दी है।
ट्रैफिक
पुलिस और पुलिस चौकियों के सिपाही दिन हो या रात वाहनों से वसूली में मस्त
रहते हैं और जनता जाम में जूझने को मजबूर है। बुधवार को कालूकुआं पुलिस
चौकी के सामने ही इसका नजारा देखने को मिला।
स्कूली बच्चों की
छुट्टियों के समय फतेहपुर-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लग गया। इस जाम
में स्कूली बसें, टैक्सियों के अलावा अन्य वाहन फंसे रहे।
पुलिस चौकी में बैठे सिपाही तमाशबीन बने रहे। करीब दो घंटे बाद जाम खुला तो लोग आगे की ओर बढ़े। इस बीच पैदल निकलना भी मुश्किल रहा।
कालूकुआं
चौराहे पर तिंदवारी व बबेरू रोड में अवैध टैक्सी स्टैंड से आए दिन जाम की
समस्या होती है। जाम में अधिकारी भी फंसते हैं, लेकिन उन पर ध्वस्त ट्रैफिक
व्यवस्था का कोई असर नहीं पड़ता।