बांदा। नगर पालिका जल्द ही शहर के कई वार्डाें में सीसी रोड व नालियों का निर्माण कराएगी। इसके लिए शासन से धनराशि स्वीकृत हो गई है। वहीं इसके साथ शहर के मुख्य मार्गों व मोहल्लों को रोशन करने के लिए करीब 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
शहर के झील का पुरवा व इंद्रा नगर मोहल्ले में स्थानीय लोग काफी समय से सड़क व नालियाें की मांग कर रहे थे। अब जल्द ही उन्हें आवागमन के लिए बेहतर मार्ग मिल सकेंगे। पालिका ईओ श्रीचंद्र चौधरी ने बताया कि शासन से निर्माण कार्यों की मंजूरी मिल गई है। साथ ही इसके लिए बजट भी जारी कर दिया गया है।
बताया कि शहर के झील का पुरवा में आश्रम पद्धति विद्यालय के सामने का मार्ग करीब 46 लाख रुपये से बनवाया जाएगा। वहीं इंद्रिरा नगर मोहल्ले के दो मार्ग व नालियों का निर्माण करीब 94 लाख की लागत से कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही शासन से नगर की प्रकाश व्यवस्था के लिए भी धन का आवंटन हुआ है। पालिका शहर के विभिन्न हिस्सों में करीब 100 नए बिजली के पोल व 250 पोलों पर स्ट्रीट लाइटें लगवाएगी। कहा कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरु कराए जाएंगे।