अतर्रा। दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो जाने से दो बाइक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पीछे बैठा युवक गंभीर घायल हो गया। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। कोटेदार के पुत्र की शादी के 36 वें दिन घटना में मौत हो जाने के बाद नवविवाहिता दुल्हन सहित पूरे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के पिता कोटेदार नाती प्रसाद ने कहा अभी तो बहू पूजा देवी के हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के बाघा गांव निवासी अवधेश सिंह (20) अपने चचेरे भाई अनिल (22) को बाइक में बैठाकर अपनी मौसी से होली त्योहार में मिलने के लिए गांव पवई (बिसंडा) जाते समय घूरी गांव के पास सामने से आए बाइक चालक सतीश (19) निवासी निलाथू से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक चालक सहित पीछे बैठा अवधेश का चचेरा भाई अनिल घायल हो गए। बिसंडा पुलिस ने एंबुलेंस ने तीनों को पीएचसी में भर्ती कराया। जहां से सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बाइक चालक सतीश को मृत घोषित कर दिया तथा अन्य बाइक चालक अवधेश को हालत नाजुक बताई, जिस पर परिजनों द्वारा उसे प्राइवेट साधन से कानपुर ले गए, जहां कानपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार की देर रात को अवधेश ने भी दम तोड़ दिया। अवधेश सिंह खेती-किसानी करता था।
पिता नाती प्रसाद बाघा गांव में कोटेदार है। मृतक अवधेश दो भाइयों में छोटे नंबर का था। इसकी शादी इसी 17 फरवरी को चित्रकूट जनपद के शिवरामपुर में पूजा देवी के साथ हुई थी। इलाज के दौरान अवधेश की मृत्यु हो जाने की खबर जैसे ही घर में पत्नी पूजा देवी, मां विद्या देवी सहित अन्य परिजनों को मिली तो सभी परिजन बेसुध हो गए। बिसंडा थाना इंस्पेक्टर श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों की तहरीर के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
बाइक खंती में गिरने से पीआरबी में तैनात चालक की मौत
बबेरू। कोतवाली क्षेत्र के पतवन गांव मोड़ के पास एक बाइक सवार सिपाही अनियंत्रित होकर खंती पर गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जसपुरा थाना क्षेत्र के भाथा गांव निवासी पीआरबी जगरूप सिह (48) मरका थाना में पीआरबी-112 में चालक पद पर नाइट ड्यूटी करता था। ड्यूटी खत्म होने के बाद बाइक से अपने गांव भाथा जाते समय पतवन गांव के मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। मृतक के तीन पुत्र, एक पुत्री है। पत्नी रेखा देवी का रो रोकर बुरा हाल है।