सड़क हादसों में दो बाइक सवार समेत तीन राहगीर घायल हो गए। कोई बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। उधर, कटिया मशीन से किशोर के हाथ कट गया। उसे जिला अस्पताल से झांसी रेफर कर दिया गया।
जसपुरा थाना क्षेत्र के गड़रिया गांव निवासी सुशील (26) पुत्र मेड़वा बुधवार को दोपहर बाइक पर बंशीडेरा से गांव जा रहा था। पैलानी-पलरा मार्ग पर नरी गांव के नजदीक लोडर की टक्कर से घायल हो गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया।
एक अन्य घटना में बबेरू कोतवाली क्षेत्र के साथी गांव निवासी प्रमोद (25) पुत्र अशोक मंगलवार की रात बाइक पर फतेहपुर जाते समय सिमौनी गांव के नजदीक बाइक खंती में गिर जाने से घायल हो गया। सीएचसी बबेरू से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेजा गया। एक अन्य घटना में बिसंडा थाना क्षेत्र के कुचेंदू गांव निवासी रामसहाय (14) पुत्र बुद्धविलास बाइक की टक्कर से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, शहर कोतवाली क्षेत्र के सुहाना गांव निवासी संदीप (14) पुत्र शिवचरन का बुधवार को सुबह कटिया मशीन से चारा काटते समय हाथ का पंजा कट गया। परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। यहां कोई सर्जन न होने से प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में झांसी रेफर कर दिया गया।