बांदा। ई रिक्शा चालक से डरा धमकाकर रंगदारी वसूलने के आरोप में जदयू नेत्री शालिनी पटेल व ज्योति मौर्या को गिरवां थाना पुलिस व महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने एसएसएसटी न्यायालय ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा गांव निवासी ई रिक्शा चालक अर्जुन पिछली 14 जुलाई को अपनी पूजा का इलाज कराने जिला अस्पताल गया था। यहां जनता दल यूनाइटेड प्रदेश उपाध्यक्ष बिसंडा के पल्हरी गांव निवासी शालिनी सिंह पटेल व अतर्रा निवासी जिलाध्यक्ष ज्योति मौर्या ने अर्जुन को धमकाकर पांच हजार रुपये लिए थे। इसके बाद वह लगातार फोन पर पैसों की मांग कर रहीं थीं। न देने पर फर्जी मुकदमें में जेल भेजने की धमकी भी देती थीं। बीते दिनों दोनों नेत्रियां अर्जुन से 10 हजार रुपये की मांग कर रही थीं। इस पर अर्जुन ने गिरवां थाने में शालिनी सिंह पटेल और ज्योति मौर्या के खिलाफ रंगदारी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिस पर गिरवां पुलिस व महिला थाना पुलिस ने दोनों को उनके आवास से गिरफ्तार किया है। गिरवां थाना पुलिस ने दोनों को विशेष न्यायाधीश एससीएसटी न्यायालय में पेश किया गया। यहां विशेष न्यायाधीश विकास श्रीवास्तव ने दोनों नेत्रियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस दौरान पूरा कचहरी परिसर पुलिस छावनी बना रहा। अदालत ने सुनवाई के लिए अगली तारीख 11 अगस्त की लगाई है। शालिनी पटेल के खिलाफ सात और ज्याेति मौर्या के खिलाफ तीन मुकदमें दर्ज हैं।
-
वर्जन
-
दोनों महिलाओं के खिलाफ गिरवां थाने, महिला थाने व कोतवाली नगर में अवैध वसूली, आपत्तिजनक टिप्पणी आदि के मुकदमें दर्ज हैं। जांच में पुख्ता सुबूत मिलने पर शालिनी पटेल और ज्योति मौर्या को गिरफ्तार किया गया है।
शिवराज
अपर पुलिस अधीक्षक, बांदा।
-
घटना की न्यायिक जांच की मांग
बांदा। जदयू प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी पटेल और ज्योति मौर्या की गिरफ्तारी को लेकर जनता दल यूनाइटेड की महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष खाईपार मोहल्ला निवासी पिंकी प्रजापति ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि शालिनी पटेल को पुलिस ने रात में बिना किसी वारंट के उनके आवास से उठाया है। मोबाइल फोन छीन लिए व कार्यालय में तोड़फोड़ की है। उन्होंने घटना की न्यायिक जांच की मांग की है।