फोटो-10-फायरिंग करने के गिरफ्तार दो आरोपी। स्रोत: पुलिस।
बांदा। पुरानी रंजिश को लेकर युवक और उसके दोस्त पर तमंचे से जानलेवा हमला करने के मामले में अतर्रा पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक को बदौसा थाना क्षेत्र से और दूसरे को अतर्रा मंडी के पास से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। मामले का मुख्य आरोपी राघव और दो अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अतर्रा थाना क्षेत्र निवासी निखिल ने तीन नवंबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि पुरानी रंजिश के चलते राघव अपने चार अज्ञात साथियों के साथ पहुंचा और उस पर व उसके दोस्त पर तमंचे से जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। घटना की सूचना पर अतर्रा थाने में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई थीं।
इसी क्रम में पुलिस ने 18 नवंबर की रात बदौसा थाना क्षेत्र तुर्रा गांव निवासी अतुल को गिरफ्तार किया है। 19 नवंबर को देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव पचनेही निवासी धीरेन्द्र उर्फ धीरू को अतर्रा मंडी के पास से पकड़ लिया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया है। अतर्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार राय ने बताया कि मामले में नामजद मुख्य आरोपी तेंदुरा गांव निवासी राघव और दो अन्य अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।