नरैनी कोतवाली के ठीक सामने चल रही गैस रिफिलिंग की दुकान में सोमवार की रात भीषण आग लग गई। दर्जनों छोटे-बड़े सिलेंडर धमाके के साथ फट गए। इससे आसपास के इलाकों में दशहत फैल गई। आग ने इर्द-गिर्द की लगभग एक दर्जन दुकानों को अपनी आगोश में ले लिया।
सूचना के बावजूद दो घंटे तक दमकल टीम मौके पर नहीं पहुंचे। एसडीएम सुधीर कु्मार के फटकारने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। देर रात तक आग को बुझाने का प्रयास चल रहा था। इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
कसबे में कोतवाली के ठीक सामने लल्लू की दुकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडर रिफलिंग का धंधा चल रहा था। सोमवार की शाम सात बजे दुकान में आग लग गई। वहां रखे छोटे-बड़े सिलेंडर धमाके के साथ फटने लगे। इससे अफरातफरी मच गई।
आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें आधी अधूरी बंद कर भाग खड़े हुए। रुक-रुक कर हो रहे धमाकोें से किसी की भी नजदीक जाने की हिम्मत नहीं पड़ी। धमाकों से आसपास के घरों की खिड़की दरवाजे पर लगे कांच टूट गए। अग्निकांड से अतर्रा, नरैनी और बांदा रोड पर यातायात बाधित हो गया।
पुलिस ने आग के नजदीक जाने से लोगों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगा दी। इधर आग भड़कती गई। थोड़ी ही देर में इर्द-गिर्द स्थित साइकिल, कपड़ा, किराना आदि की लगभग एक दर्जन दुकानें आग की चपेट में आ गईं। थानाध्यक्ष तथा क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।
फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन दो घंटे तक एक भी दमकल गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची थी। एसडीएम सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे तो उन्होंने फोन कर फायर स्टेशन के अफसर को फटकार लगाई। इसके बाद दो दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। देर रात तक आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा था। आग सीएचसी तक पहुंच गई थी। वहां रखी एक गुमटी राख हो गई।