बांदा/अतर्रा। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कर्मी की मौत हो गई। दूसरी घटना में बालूभरे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवा किसान की जान चली गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। दोनों घटनाओं में चालक ट्रक लेकर भाग निकले।
बिसंडा थाना क्षेत्र के शिव गांव निवासी श्यामबाबू (28) पुत्र रामसजीवन यादव बांदा में आवास विकास कालोनी में स्थित उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड क्षेत्रीय कार्यालय में कार्यालय सहायक पद पर तैनात था। शनिवार शाम अपने भांजे अरविंद यादव (सकरौली) के साथ बाइक पर बांदा से घर जाते समय बिसंडा थाना क्षेत्र के बिलगांव गांव के पास बाइक खड़ी कर लघुशंका को जा रहा था। इसी दौरान बांदा से बिसंडा की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चाचा बच्छराज यादव ने बताया कि श्यामबाबू की शादी तीन साल पूर्व हुई थी। एक पुत्र है। दुर्घटना के बाद ट्रक लेकर चालक भाग निकला।
दूसरी घटना में रामलीला मैदान, अतर्रा निवासी प्रदीप सिंह (30) पुत्र जगभान सिंह शनिवार को शाम पिपरहरी (नरैनी) गांव से बाइक पर घर लौट रहा था। पचोखर गांव के नजदीक पीछे से आए बालूभरे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। घायल प्रदीप देर तक वहीं पड़ा ठंड में तड़पता रहा। बाद में यूपी-112 ने उसे अतर्रा सीएचसी पहुंचाया।
यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई शशांक सिंह ने बताया कि प्रदीप खेतीबाड़ी करता था। दो पुत्री व एक पुत्र हैं। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। दोनों शवों का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है।