खत्रीपहाड़। गिरवां थाना क्षेत्र में नरैनी रोड स्थित चबरिया झाल के पास शुक्रवार रात ट्रक चालक ने बबूल के पेड़ में टक्कर मारने के बाद बाइक सवार को रौंद दिया।
हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शुक्रवार रात करीब नौ बजे नरैनी की ओर से एक ट्रक बांदा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान ट्रक चालक ने सड़क किनारे खड़े बबूल के पेड़ में टक्कर मार दी। इसके बाद एक बाइक सवार को चपेट में ले लिया और उसे रौंदते हुए निकल गया। वहीं बबूल के पेड़ की डाल टूटकर बाइक सवार के ऊपर गिर गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक के पास कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। बाइक नई होने के चलते उस पर भी नंबर प्लेट नहीं लगी थी। चेसिस नंबर से जब पता प्रयास किया गया तो जानकारी हुई कि बाइक पंजीकृत नहीं हुई थी। (संवाद)