बांदा। ट्रक की टक्कर से एक ही बाइक पर सवार तीन दोस्ताें में एक की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर क्लीनर को हिरासत में ले लिया है। बाइक सवारों के पास हेलमेट नहीं मिला।
घटना रविवार को दोपहर की है। पैलानी थाना क्षेत्र के पिपरोदर गांव से एहसान (24), वकार (26) और शोएब (28) एक ही बाइक पर बबेरू क्षेत्र के सिमौनी गांव रिश्तेदारी में जा रहे थे। गांव से कुछ ही दूर चलने के बाद पैलानी मोड़ के नजदीक सामने से आ रहे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आस-पास के लोगों और पुलिस ने उन्हें जसपुरा सीएचसी पहुंचाया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने एहसान को कानपुर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर कानपुर जा रहे थे तभी हमीरपुर के पास एहसान ने दम तोड़ दिया। उधर, घायल शोएब व वकार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव को जिला अस्पताल की मर्च्युरी में रखवा दिया गया है।
सोमवार को पोस्टमार्टम होगा। पैलानी थानाध्यक्ष ने बताया कि बाइक सवारों के पास हेलमेट नहीं मिला। उन्होंने बताया कि चालक भाग निकला। ट्रक और उसके क्लीनर को थाने ले आया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
युवक को कैंपर ने कुचला, मौत
नरैनी। दोस्त के साथ घर की तरफ पैदल जा रहे युवक को तेज रफ्तार कैंपर जीप ने कुचल दिया। अस्पताल पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना में ट्रक की टक्कर से एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों में एक की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
शुक्रवार को शाम को नरैनी कोतवाली क्षेत्र के बरूआ स्योढ़ा गांव का विजय कुमार (25) पुत्र नत्थू प्रसाद शनिवार की शाम करीब सात बजे अपने एक मित्र के साथ घर की तरफ पैदल जा रहा था। बांदा मार्ग में पेट्रेाल पंप के पास नरैनी की तरफ से सवारियां भरकर बांदा की तरफ जा रहे कैंपर ने विजय को कुचल दिया। कुछ ही देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस यूपी-112 ने उसे सीएचसी पहुंचाया। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया
गया। लेकिन रास्तें में ही उसकी मौत हो गई। डाक्टरों ने मृत्यु की पुष्टि कर दी। कोतवाली प्रभारी दीपक कुमार पांडये ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल मृतक के परिजनों से कोई तहरीर नहीं मिली है। कैंपर और चालक की तलाश की जा रही हैं।