बांदा। किडनी की बीमारी से जूझ रहे युवक ने बहन के घर से देसी दवा लेकर लौटते समय ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दिया। वह 10 लाख के कर्ज और बीमारी से परेशान था। जिसके चलते युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की शिनाख्त कर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
थाना बदौसा के दुबरिया गांव निवासी बहनोई वसीम ने बताया कि कालिंजर थाना क्षेत्र गडिहा बहादुरपुर निवासी 22 वर्षीय इरफान बीते पांच माह से किडनी की बीमारी से जूझ रहा था। इसके पहले उसने अपने बडे़ भाई रिजवान के किडनी का इलाज कराने के चलते 20 लाख रुपये खर्च किए थे। इस रकम को एकत्र करने के लिए उसने चार बीघे खेत व गांव व अन्य लोगों से 10 लाख का कर्ज भी लिया था।
इसी मानसिक तनाव के चलते बृहस्पतिवार की सुबह वह मेरे यहां देसी इलाज कराने आया था। दवा लेने के बाद वह शाम को वापस घर लौटते समय उसने बदौसा रेलवे ब्रिज के ऊपर आंबेडकर नगर एक्सप्रेस के सामने कूदकर जान दे दी। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि बीमारी व कर्ज ने बेटे को छीन लिया। बदौसा थाना प्रभारी कुलदीप कुमार तिवारी ने बताया कि युवक बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या किया है। मामले की जांच की जा रही है।