बांदा। ड्यूटी के दौरान उप निरीक्षक की हार्ट अटैक से मृत्यु होने पर मंगलवार को पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक सलामी दी गई।
जनपद में फील्ड यूनिट में तैनात उप निरीक्षक संतोष भारती प्रयागराज के तिवारीपुर गांव के रहने वाले थे। वह आठ अक्टूबर 1990 को आरक्षी पद पर जनपद कानपुर नगर से यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। संतोष भारती का न्यूरो का इलाज मेंदाता हास्पिटल लखनऊ में चल रहा था। वह बदौसा के मालखाना का चार्ज देने बदौसा गए थे। सोमवार को उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें अतर्रा सीएचसी में ले जाया गया यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
पुलिस लाइन में मंगलवार को डीआईजी अजय कुमार सिंह, एसपी अंकुर अग्रवाल ने रीत व पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र, सीओ लाइन गवेंद्र पाल गौतम, सीओ नगर राजीव प्रताप सिंह, सीओ सदर अजय कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्रा आदि उपस्थित रहे।