बांदा। लंबे इंतजार के बाद ही सही, लेकिन परिवहन निगम को 28 नई मिनी रोडवेज बसें मिल गई हैं। बेड़े में चार मिनी वातानुकूलित बसों को भी शामिल किया गया है। ग्रामीण सामान्य बसों को ग्रामीण क्षेत्रों के रूट पर लगाया गया है जबकि एसी बसों को बांदा से कानपुर और अयोध्या रूट पर लगाया गया है।
परिवहन निगम के चित्रकूटधाम मंडल रीजन क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप अग्रवाल और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश बाबू ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों को परिवहन सेवा का लाभ नहीं मिल पाता था, इससे उन्हें प्राइवेट बसों के साथ ही अन्य अनाधिकृत वाहनों पर जान जोखिम में डालकर सफर करना होता था। परिवहन निगम ने ग्रामीण क्षेत्र में परिवहन सेवा को मजबूत करने के लिए 24 सामान्य मिनी बसें और चार मिनी एसी बसें उपलब्ध कराई हैं।
नवरात्र महोत्सव की अष्टमी के दिन मंगलवार को जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद और सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने हरी झंडी दिखाते हुए बसों को ग्रामीण क्षेत्र के रूटों पर रवाना किया।
इन रूटों पर भेजी गईं मिनी बसें
बांदा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश बाबू गुप्ता ने बताया कि मिनी बसों को ग्रामीण क्षेत्रों के रूटों पर रवाना किया गया है। यह बसें बांदा से पपरेंदा, खप्टिहा, अलोना, नरैनी से बांदा, पपरेंदा, रेहुंटा, नरैनी, कालिंजर, रक्सी, बघेलाबारी, खुरहंड, खत्रीपहाड़, गिरवां, छनिहा पुरवा, तिंदवारी, परसौंड़ा, सेमरीनाला, तिंदवारी, बबेरू, कमासिन, राजापुर, नरैनी रोड पर बड़ोखर, कलिया पुरवा के अलावा पूरे जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर ग्रामीणों को परिवहन सेवा उपलब्ध कराएंगी। एआरएम ने कहा कि सभी रोडवेज बसों की समय सारिणी भी जारी की गई है।
-
सात और आठ बजे कानपुर जाएंगी दो एसी बसें
बांदा। बांदा से कानपुर रूट पर कोई एसी बस अभी तक उपलब्ध नहीं थी। इससे यात्रियों के साथ ही व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। रोडवेज अधिकारियों ने दो मिनी एसी बसों को कानपुर रूट पर लगाया है। एक एसी बस प्रतिदिन सुबह सात बजे और दूसरी बस आठ बजे कानपुर के लिए रवाना होगी। रोडवेज अधिकारियों ने कहा कि काफी समय से यात्री एसी रोडवेज बस उपलब्ध कराए जाने की मांग कर रहे थे। बताया कि दोनों बसें रवानगी के समय के मुताबिक चार घंटे में यात्रियों को कानपुर पहुंचाएंगी।