बांदा। चित्रकूटधाम मंडल रीजन मुख्यालय के डिपो को गुरुवार को 14 नई बसें मिलीं। इनमें से कई बसें नए रूटों पर भी चलाई जाएंगी। हालांकि इसमें एक भी एसी बस नहीं है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश बाबू ने बताया कि कानपुर कार्यशाला से 14 नई बसें डिपो को मिली हैं। अब डिपो में बसों की संख्या 133 हो गई है। कुछ पुरानी बसें हटाकर उनके स्थान पर नई बसें लगाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके। यह भी बताया कि नई बसें मिलने के साथ ही चालकों और परिचालकों की भी जरूरत है। इसके लिए 15 मई को संविदा चालकों का प्रथम टेस्ट लिया जाएगा। चालक और परिचालकों की कमी को भी जल्द ही पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
10 बसें रूट पर लगाईं, चार नई बसों का रूट जल्द तय होगा
एआरएम ने बताया कि दो बसें सुबह नौ बजे बांदा से हमीरपुर, कालपी, औरैया, इटावा होते हुए मथुरा भेजी जाएंगी। दो बसें बांदा से कानपुर, फर्रुखाबाद, बरेली होते हुए मुरादाबाद भेजी जाएंगी। ये बसें सुबह सात बजे डिपो से रवाना होंगी। इसके अलावा दो बसें बांदा, कानपुर, बहराइच होते हुए बलरामपुर भेजी जाएंगी। इसी तरह दो बसों को बांदा से कर्वी, ओरन, बबेरू वाया फतेहपुर होते हुए कानपुर रूट पर लगाया गया है। एआरएम ने बताया कि शेष चार नई बसों को पुरानी बसें हटाकर उनके रूट पर लगाई जाएंगी। इनका रूट भी शीघ्र ही तय किया जाएगा।