बांदा। डीएम आनंद कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में बन रहे ट्रांजिट हॉस्टल (एस-12) के दो ब्लाकों का मुआयना किया। उन्हें बताया गया कि सीएम की घोषणा के अंतर्गत इसे मंजूरी मिली है। लागत 24 करोड़ 16 लाख 80 हजार रुपये है। इसमें अभी सिर्फ 2 करोड़ 2 लाख रुपये मिले हैं। तीन फीसदी निर्माण कार्य हुआ है। इसे पूरा करने की तिथि मार्च 2022 है।
डीएम ने कहा कि मैन पॉवर बढ़ाकर तय समय में निर्माण पूरा करें। परियोजना प्रबंधक को निर्देश दिए कि मानक और गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं होना चाहिए। डीएम ने राजकीय पॉलिटेक्निक में निर्माणाधीन बालिका छात्रावास का भी निरीक्षण किया। उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ यह निर्माण करा रही है। संस्था के सुनील कुमार वर्मा और अवर अभियंता अभिनंदन गंगवार मौजूद थे। बताया कि छात्रावास अगस्त 2016 में स्वीकृत हुआ। नवंबर 2016 में निर्माण की शुरुआत हुई। स्वीकृत लागत एक करोड़ 41 लाख 41 हजार रुपये है। पूरी राशि मिल चुकी है। अगले माह मार्च 2021 में इसे पूरा किया जाना है। डीएम ने यहां भी गुणवत्ता और मानक पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अर्थ एवं संख्या अधिकारी एसके बघेल, निर्माण निगम परियोजना प्रबंधक रामफल आदि मौजूद थे।
-----------------