बबेरू। कस्बे के अद्भुत चौराहे पर सुंदरीकरण और सड़क चौड़ीकरण के विरोध में व्यापारियों का अनशन छठवें दिन भी जारी रहा। अपनी दुकानों और आशियानों को बचाने की मांग को लेकर व्यापारियों ने तहसील का घेराव कर धरना दिया और उपजिलाधिकारी अविनाश त्यागी को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान सपा नेता और पूर्व मंत्री शिव शंकर सिंह पटेल ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे उनके आशियाना बचाने के लिए अंतिम दम तक लड़ेंगे। राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के अध्यक्ष केके महन्त के नेतृत्व में व्यापारियों ने तहसील का घेराव किया। उन्होंने मांग की है कि नोटिस को निरस्त कर दोबारा पैमाइश की जाए। व्यापारियों ने सरकार से व्यापारियों के हित में सोचने और बाईपास निकालने की भी मांग की है।
संगठन के अध्यक्ष केके महन्त ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी बातें नहीं सुनी गईं तो वे क्रमिक अनशन को आमरण अनशन में बदलने को बाध्य हो जाएंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान अर्चना सिंह पटेल, सावित्री देवी, नीरज शामिल रहे।