क्षतिग्रस्त सड़क के चलते खेतिहर मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटने से बालिका की मौत हो गई। छह महिलाओं समेत नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के भिम्मा का पुरवा की सड़क क्षतिग्रस्त है। रविवार को सुबह अकबई (खन्ना, महोबा) से फसल काटकर मजदूर रविवार को सुबह ट्रैक्टर ट्राली से वापस घर पवई (बिसंडा) गांव आ रहे थे। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली सड़क के गड्ढों में असंतुलित होकर पलट गई। चपेट में आकर मोनी (8) पुत्री रामदयाल की मौके पर ही मौत हो गई।
पवई गांव के रामदयाल (35) पुत्र संभुवा, पत्नी सरोज (30) व पुत्र करन (3) समेत शिवकली (35) पत्नी राजू, रन्नो (60) पत्नी होरीलाल, ललिता (35) पत्नी शत्रुघन, राममिलन की पुत्री शिवदेवी (16) व पुत्र गौतम (18) और कायल (बबेरू) गांव की राजरानी (50) पत्नी कृष्णपाल घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर 108 एंबुलेंस और पुलिस ने अपनी जीप से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इनमें रामदयाल, राजरानी, सरोज व करन को ज्यादा चोटें आईं। उधर, भिम्मा पुरवा के बाशिंदों का कहना है कि सड़क खराब होने से आए दिन हादसे होते हैं। अक्सर बाइक सवार गिरते रहते हैं। जल्द ध्यान नहीं दिया तो आगे भी बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं।