राजापुर/ सरधुवा। थाना क्षेत्र के गुरगौला गांव के पास देर रात खनन के गड्ढे में ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से एक नाबालिग चालक की नीचे दबकर मौत हो गई। वो बालू की ट्रॉली खाली कर वापस लौट रहा था।
चांदी गांव निवासी संतोष कुमार ने बताया कि उनका बेटा दुलीचंद उर्फ बच्चा (15) गांव के ही एक ट्रैक्टर मालिक के साथ घर से गया था। देर रात 11 बजे गुरगौला गांव के पास ट्रैक्टर ट्राॅली पलट गई। जिससे दुलीचंद उसके नीचे दब गया। बताया कि ट्रैक्टर मालिक निजी वाहन से उसे सीएचसी राजापुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना परिजनों को मिली तो सीएचसी गए। शव देखते ही मां रन्नो देवी, पिता संतोष कुमार, भाई विनय कुमार, बहन गौरा का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिजनों के अनुसार किशोर ट्रैक्टर चलाता था और घटना के समय बालू ढुलाई से लौट रहा था। थाना प्रभारी शिव आसरे ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।