बांदा। दूसरे चरण के चुनाव में तिंदवारी और जसपुरा
ब्लाकों में मतदान शांतिपूर्वक निपट गया। तिंदवारी में 58 और जसपुरा में 51
फीसदी वोट पड़े। हालांकि इन ब्लाकों मेें कई दिग्गज घरानों के प्रत्याशी
मैदान में थे।
इसके बाद भी मतदान का प्रतिशत पहले चरण से भी नीचे
रहा। यहां लगभग 850 प्रत्याशियों की सियासी किस्मत मतपेटियों में बंद हो
गई। देर रात तक मतपेटियां ब्लाक मुख्यालयों के स्ट्रांग रूम मेेें रख दी
गईं।
तिंदवारी ब्लाक में 121 मतदान केंद्रों के 210 बूथों में वोट
डाले गए। यहां सुबह से ही मतदान की रफ्तार धीमी रही। इक्का-दुक्का पोलिंग
बूथों में ही मतदाताओं की कतारें नजर आईं। डीडीसी के चार वार्डों में 63 और
क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) के 88 वार्डों में 450 प्रत्याशियों को
मतदाताओं ने वोट दिए।
मतदाताओं की संख्या 1,32,775 है। यहां 58.17
फीसदी यानी लगभग 77 हजार वोट पड़े। सत्यनारायण इंटर कालेज, तिंदवारी के
स्ट्रांग रूम में मतपेटियां रखकर रूम सील कर दिया गया। उधर, जसपुरा ब्लाक
में दो डीडीसी वार्डों के 29 और बीडीसी के 52 वार्डों में 308 प्रत्याशियों
के बीच वोटों का बंटवारा हुआ।
ब्लाक की 32 ग्राम पंचायतों में
मतदाताओं की संख्या 82,120 है। यहां सिर्फ 51.31 फीसदी यानि लगभग 42 हजार
वोट पड़े। मधुसूदन दास इंटर कालेज, जसपुरा में बनाए गए स्ट्रांग रूम में
मतपेटियां रखी गई हैं।