बांदा। पुलिस लाइन में टैलेंट सर्च लीग-2024 क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को लेपर्ड व टाइगर फाइटर टीमों के बीच मुकाबला खेला गया। रोमांचक मैच में टाइगर फाइटर ने लेपर्ड को दस रनों से हराया।
पुलिस लाइन में क्रिकेट प्रतियोगिता में सुबह दोनों टीमों के बीच टॉस हुआ। टाइगर फाइटर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 157 रन बनाए। राहुल बिंदकी ने शानदार 88 रन बनाए। उन्होंने नौ चौके व तीन छक्के लगाए। अनूप ने 25 रनों का योगदान दिया। लेपर्ड टीम के गेंदबाज मयंक ने दो और फैजान ने एक विकेट लिया। जवाब में लेपर्ड फाइटर 147 रन पर आलआउट हो गई, जबकि अन्नू ने 74 और विवेक ने 44 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन बाद के खिलाड़ी साथ नहीं दे सके। टाइगर फाइटर के गेंदबाज हसेंद्र व हितांशु ने दो-दो विकेट लिए। इस तरह टाइगर फाइटर ने दस रन से मैच जीत लिया।
कमेंटरी अभिषेक तिवारी, दीपक श्रीवास्तव,एसी सिंह, महेश साहिल, आकांक्षा गुप्ता, शिवांशी गुप्ता ने की। अंपायर की भूमिका अमन सिंह परिहार व दीपेंद्र ने निभाई। विवेक नामदेव, नागेश खरे, सुनील, राजेंद्र अवस्थी, कमल यादव, रविप्रकाश धुरिया आदि उपस्थित रहे। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार राहुल को दिया गया।