बांदा। परिवहन निगम ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग सुविधा में 22 और बसों को शामिल करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है। अभी तक ऑनलाइन टिकट बुकिंग सुविधा में मंडल की 80 बसों में ही थी। इसमें एसी बसें भी शामिल हैं।
रेलवे की तर्ज पर परिवहन निगम में भी सर्विस सेंटर के माध्यम से बसों में रिजर्वेशन की सुविधा मुहैया कराई है। अभी तक रिजर्वेशन में एयर कंडीशन जनरथ सहित दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, जौनपुर, अजमेर जाने वाली 80 बसों को शामिल किया गया है, जबकि चित्रकूटधाम मंडल के बेड़े में करीब 320 बसें है, यानी अभी कि 240 बसों में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। यानी अन्य मार्गों की बसों में यह सुविधा लोगों को नहीं मिल पा रही है।
करीब छह माह में रोडवेज बसों में 200 से अधिक यात्रियों ने ऑनलाइन टिकट की बुकिंग कराई। इनकी संख्या बढ़ रही है। आरएम संदीप अग्रवाल ने बताया कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग की संख्या बढ़ने पर शासन को सर्विस सेंटर की बेवसाइट पर मंडल की 22 और बसों को शामिल करने के लिए पत्र लिखा है।
साथ ही यात्रियों की जानकारी के लिए बस स्टैंडों में बकाया ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा की सूचना भी प्रसारित कराई जाएगी। पूछताछ केंद्र के पास सर्विस कंपनी का नाम व टिकट बुक कराने की प्रक्रिया की सारी जानकारी भी चस्पा कराई जाएगी।
दो फरवरी को 22 ने कराई बुकिंग
दो फरवरी को अनुज कुमार ने चित्रकूट से आलमबाग व राहुल रावत ने फतेहपुर से आलमबाग व श्याम किशोर ने महोबा से दिल्ली के लिए बसों में ऑनलाइन बुकिंग कराई है। सुबह से दोपहर तीन बसें तक 22 टिकट ऑनलाइन बुक हुए है।
तत्काल टिकट बुकिंग भी होगी चालू
आरएम ने बताया कि तत्काल टिकट बुकिंग के लिए बस स्टैंडों में सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। ताकि बुजुर्ग व बीमार यात्रियों को सीट मिल सके। लेकिन स्टाफ की कमी से हाल ही यह सुविधा बंद हो गई। जिसे पुन: चालू कराया जा रहा है।