अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन की मौत हो गई। 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, युवक की मौत पर गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। एसडीएम के समझाने-बुझाने पर जाम खत्म हुआ। कोई बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
कालिंजर थाना क्षेत्र के शाहपाटन गांव के मजरा रज्जू का पुरवा निवासी राज ललन (24) पुत्र गजराज सोमवार को दोपहर अपने दोस्त उमेश (20) पुत्र रामगोपाल निवासी टेका पुरवा के साथ गुढ़ा के हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद बाइक पर गांव जा रहा था। बरछा पुलिस चौकी के नजदीक सामने से आ रहे ट्रक की टक्कर से राजललन की पहिए के नीचे आने से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। घायल उमेश को सीएचसी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर, घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर नरैनी-कालिंजर मार्ग पर आवागमन ठप कर दिया। एसडीएम सीएल सोनकर के समझाने-बुझाने पर लगभग एक घंटे बाद जाम खत्म हुआ। चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया। मृतक की पिछले साल शादी हुई थी। मंगलवार को बहन पान प्यारी की बरीछा लेकर देवरी (पन्ना) जाना था।
एक अन्य घटना में ओरन रोड मूसा नगर अतर्रा निवासी कमलेश (40) पुत्र सुखलाल सोमवार को सुबह बाइक पर पुत्र दीपक (10) के साथ अपनी ससुराल सहेवा गांव जा रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग पर छिबांव व खुरहंड गांव के बीच सामने से आ रहे ट्रक को बचाने में मवेशी से टकराकर पिता-पुत्र घायल हो गए। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान कमलेश की मौत हो गई।
उधर, बबेरू कोतवाली क्षेत्र के कुचेंदू गांव निवासी दुजिया (55) पत्नी रामऔतार वर्मा सोमवार को शाम शौच को जाते समय बबेरू की ओर आ रही बाइक की टक्कर से घायल हो गई। परिजन उसे सीएचसी ले गए। चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उधर, शहर के खुटला निवासी लालाराम (30) पुत्र सुंदर सोमवार को शाम अपने दोस्त कल्लू (30) के साथ बाइक पर कालिंजर गांव जाते समय बाइक खंती में गिरने से घायल हो गया। एक अन्य घटना में बबेरू कोतवाली क्षेत्र के बदौली गांव निवासी राजेश (38) पुत्र कैरा सोमवार को शाम बाइक पर गांव जाते समय एक अन्य बाइक की टक्कर से घायल हो गया।
पैलानी थाना क्षेत्र के कानाखेड़ा गांव का दीपक (25) पुत्र शिवबरन सिंह अपने दोस्त ज्ञानी (22) के साथ बाइक पर जसपुरा जाते समय एक अन्य बाइक की टक्कर से दोनों घायल हो गए। चिल्ला थाना क्षेत्र के छिरउटा गांव निवासी चंद्रकली (60) पत्नी छेदीलाल मंगलवार को सुबह अपने पुत्र दिलीप कुमार के साथ बाइक पर पलरा गांव जाते समय स्पीड ब्रेकर पर गिरकर घायल हो गई।
बबेरू प्रतिनिधि के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के कुचेंदू गांव निवासी किशन (30) पुत्र बच्चू यादव, संजय (25) व रोहित (18) पुत्र गया प्रसाद सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। सीएचसी से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।